Tuesday, 7 July 2020



CEDAŃ DO̱SE KUṚI?

Dại kan co̱m mại?
E̱nte am do̱ kuṛi ho̱po̱n.
Rit kan duniạ reak̕,
Amaṅ nana rup nana ro̱ṅ,
Ạgulemre dada-hili,
Idilemre didi-teńaṅ,
Me̱nkhan, am
Abhran kanam,
Gharõ̱ńj, so̱maj ar disạm,
Amge sirjo̱niạ Pilcu buḍhi.
Am be̱go̱r mit̕ buḍạk̕,
Gharõ̱ńj oka hõ̱ baṅ laṛaok̕,
Onate amaṅ go̱no̱ṅ,
Hirạ-muti kho̱n hõ̱ bạ̃ṛti,
Bạ̃ṛti ar bạ̃ṛti...ar bạ̃ṛti...!
Onkan bạ̃ṛti go̱no̱ṅan dho̱n,
Ińaṅ ti kho̱n uḍạu ado̱k̕,
Cedak̕ bạń rag,
Cedak̕ bạń ho̱mo̱r halaṅ?
Am khạtir, am rạkhim khạtir,
So̱maj rilạmala, disom khạtir,
Ceka do̱sledako hapṛamko?
Ceka ghạṭledako purkhạko?
Baro̱ dolan gaṛ, baro̱ jo̱ṛ sagaṛ,
Mit̕ ńindạte, mit̕ likre lagakedako,
Jạtgeko bo̱to̱rada bhạire bhại,
Gaṛ do̱ bako dayawat̕,
Bhạire bhại Madho̱ Sińak̕ bo̱to̱rte,
Bhạire bhại gaṛ do̱ko bạgiadare.
Nitoṅ hạni po̱rer culhạ,
Curạmare o̱k̕o̱ṅkan,
Saṛ tahe̱n bhorge ńe̱le̱-dumur,
Inạkate do̱ mo̱so̱t̕ ńũruk̕.
Ragạń, ho̱mo̱rạń am lạgit̕,
Daṛe katha bạnuk̕ iń ṭhen,
Amge hirạ muti, Maenomạti,
Ińaṅ katha bujlere RAN,
Ar baṅkhan do̱ SAHAN.

Tuesday, 30 June 2020

JOHAR HULGẠRIẠKO!

Johar, Johar, Johar Hul Johar!
Johar, Johar, Johar jo̱to̱ko,
Johar Subạ Ṭhạkur!
Johar sanam mãyãm gohako!
Joharak̕kanle apeak̕ dil, daṛe ar
Johar apeak̕ disom dulạṛ.
Sabad bạnuk̕ ale ṭhen,
O̱bo̱ren alaṅ aleak̕,
Ko̱lo̱m ṭhoṇṭa rạpuťen,
Sạmud kạli hõ̱ ańje̱ťen,
Apeak̕ mạhima o̱ho̱ge lạilen,
Ape dọ Boṅga lekan ho̱ṛ,
Ape do̱ sạrige so̱no̱t ho̱ṛ,
Jọi jitkạr ape mãyãm gohako!
Ghurạ phiri dhạrti ạcur ruạṛen,
Ale menak̕le baba arhõ̱ e̱ṃḍe̱ge,
Okare do̱ baba apepe thamgạḍilen,
Ape kho̱n hõ̱ aleak̃ halo̱t,
Ar ce̱ťle lạia Baba?
Serma duạra kho̱n,
Mẽ̱ť pe̱re̱c̕mape tạṅkhikange,
Haere Babale kalaṅ ḍolaṅen.
O̱kte̱ reak̕ge phãk menak̕a,
Bakhan bạnuk̕ ce̱ť hõ̱ begar.
Hẽ̱, me̱nkhan lạire lajao,
Ape do̱ ho̱k lạgiťpe dãṛẽ̱yena,
Ar ale do̱ be̱ho̱kle ho̱bo̱rakada.
Johar baba, bańcaokalepe!


Friday, 10 August 2018

संताली साहित्य का भविष्य

यह सौ प्रतिशत सच है कि संतालों में संताल हूल-1855 तक एक भी पढ़ा-लिखा व्यक्ति मौजूद नहीं था। तात्पर्य यही है कि किसी संताल को कोई आक्षरिक ज्ञान नहीं था। इतना कुछ होते हुए भी संतालों ने न सिर्फ अपनी भाषा का सृजन किया, बल्कि उसे पीढ़ी दर पीढ़ी मौखिक रूप से अच्छी तरह संजोकर रखा। यह तो गनीमत है उन मिशनरियों का जिन्होंने सर्वप्रथम संतालों के ऊपर न सिर्फ अनेकों प्रकार से दया दृष्टि की बल्कि उनकी भाषा की उन्नति हेतु भी कई महत्वपूर्ण कार्य किये। विदित हो कि सर्वप्रथम उड़िसा, जेलासोर में मिशनरी कार्य में जुटे जेरेमिया फिलिप्स ने ही अपनी पुस्तक An Introduction to the Santal Language (प्रकाशित 1852) में पहली बार संताली व्याकरण की पुस्तक प्रकाशित की। इसके बाद सन् 1860 में जब संताल परगना में कुछ मिशनरियों का आगमन हुआ, तब संक्षेप में यही कि उन्होंने संताली साहित्य के विकास हेतु दुमका के नजदीक बेनागाड़िया में एक मुद्राणालय की स्थापना की और संताली साहित्य के विकास के लिए अनेकों तरह के कार्य किये। यह भी विदित हो कि संताल परगना से सटे मानभूम, पोखुरिया में संताल मिशन प्रेस की स्थापना की और यहां से भी संताली साहित्य के विकास हेतु अनेकों कार्य हुए। यह भी ज्ञात हो कि बेनागाड़िया से "हो़ड़ हो़पो़नरेन पेड़ा" (बाद में "पेड़ा हो़ड़") एवं पोखुरिया से ”ढा़रवा़क्“ नामक संताली पत्रिकाओं का भी प्रकाशन होता था। इसके बाद 1946 से अभी तक ”मारसालताबोन“ नामक पत्रिका दुधानी, दुमका से अविराम प्रकाशित होती आई है।

शुरुआती दौर में मिशनरियों ने देखा कि संताली को देश में उपलब्ध किस लिपि से लिखा जाय, यह उनके लिए एक बहुत ही चुनौतिपूर्ण कार्य था। मालूम हो कि जेरेमिया फिलिप्स ने अपनी उपरोक्त पुस्तक में संताली के लिए बंगला लिपि का उपयोग किया था। लेकिन बाद में संताल परगना के मिशनरियों ने वैज्ञानिक तरीके से रोमन लिपि को संताली के लिए परिवर्धित/संशोधित किया एवं उपयोग में लाया। मिशनरियों ने न सिर्फ संताली लिखने के लिए रोमन लिपि को भाषाविज्ञान की दृष्टि से संशोधित व संतुलित किया बल्कि उन्होंने संताली साहित्य के विकास में चार चांद भी लगा दिये। इस लिपि से संताली विश्व शब्दकोश की रचना हुई एवं कई उच्च कोटि की पुस्तकों की रचना भी हुई। संताली के लिए मिशनरी युग को संताली का स्वर्ण युग कहा जाय तो यह कोई अतिश्योक्ति न होगी।

ध्यान रहे, ब्रिटिश काल के दौरान भारत में एक भाषाई सर्वेक्षण हुआ था, उस सर्वेक्षण में भाषावैज्ञानिकों ने संताली को दो वर्गों में बांट दिया - दक्षिणी संताली एवं उत्तरी संताली। उड़िसा एवं उससे सटे इलाकों में बोली जाने वाली संताली को दक्षिणी संताली का नाम दिया गया। सर्वेक्षण के दौरान भाषावैज्ञानिकों ने पाया कि उड़िसा की संताली आर्यों की भाषा के साथ मिश्रित एवं उसके साथ घुलमिल जाने के कारण अत्यधिक प्रदूषित हो गई। तात्पर्य यही है कि यहां की संताली ने अपनी गरिमा खो दी और यह एक बोली मात्र ही रह गई है। जबकि उत्तरी संताली जिसे संताल परगना, गिरिडीह, हजारीबाग एवं बिहार, असम, उत्तरी बंगाल यहां तक की पड़ोसी देश नेपाल, भूटान एवं बंग्लादेश में बोली जाती है, उसे विशुद्ध एवं निष्कलंक पाई गई। अतः भाषावैज्ञानिकों ने उत्तरी संताली अर्थात् संताल परगना की संताली को ही अपनी रिपोर्ट में मानक (standard) संताली घोषित कर डाला। (Ref. Linguistic Survey of India, Vol-IV, page No 32, Director General G. A. Grierson).

लिपि विवाद की जड़ यहीं सर्वे रिपोर्ट में ही छिपी हुई है। जब उपरोक्त सर्वे में भाषावैज्ञानिकों ने दक्षिणी संताली को भाषा मानने से ही इंकार कर दिया, तो यहां के संतालों के पास खंभा नोचने के अलावे और कोई रास्ता ही नहीं बचा। उन्हें अपनी गलती समझ ही नहीं आ रहा है। वे उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत पर उतारु हैं। वे किसी ग्वाले की तरह अपने दही को खट्टा मानने से ही इंकार कर रहे हैं। यही कारण है कि कुछ समय तक दक्षिणी संतालों ने क्, च्, त् एवं प् के मामले में भी खूब होहल्ला मचाया था, पर प्रो. स्टेन कनो एवं बोडिंग साहब ने उनकी बखिया उधेड़कर रख दी थी। तब संताल परगना में रोमन हो या देवनागरी लिपि संताली साहित्य अपनी चरम स्थिति को छू रहा था। यह सब देखकर दक्षिणी संताल अत्यधिक जलन, ईर्ष्या एवं द्वेष से जल-भून हो उठे। (लिपि विवाद के पीछे और भी कई कारण छुपे हुए हैं।) फिर मरता क्या नहीं करता? दक्षिणी संताल भाईयों को अभी तक समझ ही नहीं आ रहा है कि किसी भी साहित्य सृजन के लिए उसकी भाषा बड़ी है ना कि उसकी लिपि। पर वे चट्टान पर दूब उगाने को डटे हुए हैं।


Saturday, 7 February 2015

पोते के नाम पत्र

मानव समाज में चिट्ठी लिखने की परंपरा बहुत पुरानी है। इस परंपरा से कोई अछूता नहीं। चिट्ठी की कई प्रजातियाँ हैं; यथा सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी। कई तरह से चिट्ठियाँ लिखने का प्रचलन है। बच्चों के चाचाजी ने भी अपनी पुत्री के नाम खत लिखा था। उसने यह पत्र किसी काल कोठरी से लिखा था। पर आपका परदादा फूस के नीचे खटिया पर पड़े-पड़े आपको यह अंतिम पत्र लिख रहा है, वह भी ठीक अपनी अंतिम श्वास लेने से पहले। यह कोई पत्र नहीं है, यह तो आपके परदादे के जीवन-दर्शन का अंतिम निचोड़ है। आपको यह पत्र लिखकर कोई गुनाह तो नहीं किया है? खैर, जिस काल में यह पत्र आपके नाम लिखा गया था, उस दौरान खत लिखने की परंपरा ही अपनी अंतिम साँस ले रही थी। दुनिया के वैज्ञानिकों ने द्रुतगामी से संदेश पहुँचाने के लिए तब नई विधि ईजाद कर ली थी, दूरभाष, घुमंतूभाष, एसएमएस और ई-मेल आदि। अब तो विज्ञान ने यहाँ तक प्रगति कर ली है कि बात करने वाले एक दूसरे का खोपड़ा भी आसानी से देख सकते हैं। आपका जमाना इस विधि को छोड़ वार्त्ताकार स्वयं एक दूसरे से ई-मेल से भी कम समय में मिल सकने की तरकीब निकाल लेंगे। कितनी बार मैंने आपके पिताजी को आगाह करते रहा कि सावधान! आपके गाँव-घर में आग लग चुकी है। इसे बुझाने का कोई उपाय ढूँढ़ों। पर उन्होंने मेरी सलाह को सिरे से ही खारिज कर दिया था। अब और पत्र लिखने की मेरी हिम्मत नहीं बची है। कब मैं भगवान का प्यारा बन जाऊँ, मुझे भी नहीं मालूम। अतः आपके नाम यह मेरा आखिरी पैगाम समझो। आप यह खत न समझना पर इसे तार समझना। चूँकि तार का उपयोग हमेशा दुःख की घड़ी में ही हुआ करता था। यह बहुत बड़ी विडंबना ही होगी कि इस पत्र को आप तक सुपुर्दगी होने में करीब पाँच सौ वर्ष तक का सफर तय करना होगा। आप इसे पढ़ पाओगे, मुझे संदेह है। दुनिया के किसी कोने में यह खत मिले या न मिले पर संपादक जी के पाँचवें गोदाम में यह आपके लिए सुरक्षित रखा रहेगा। रिवाजानुसार खत सिर्फ जीवित लोगों को ही लिखा जाता है। पर यह आठवाँ आश्चर्य ही होगा कि एक परदादे ने अपने भावी पोते के लिए एक दुःखभरी दास्तान लिख छोड़ी है।

यह जानकर आपको अति प्रसन्नता होगी कि मैं ही आपका एकमात्र बदनसीब परदादा हूँ; जिसने इस ममतामयी पत्र की माला को गूँथने की चेष्टा की है। दूध का दूध और पानी का पानी न्याय कर सको, अतः मैंने इस खत को लिखने का दुःसाहस किया हैै। बताते चलूँ कि पत्र लिखते वक्त यहाँ चंद्रग्रहण हो रहा है। आशा है आप लोग तब सूर्यग्रहण झेल रहे होंगे। आज मुझे मालूम नहीं क्योंकर खत लिखते समय मेरा हाथ काँप रहा है। गला सूखता जा रहा है। मस्तिष्क में अनगिनत अच्छे-बुरे विचार कौंध रहे हैं। आगे नाथ न पीछे पगहा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। फिर भी ताकि आपका शोध-पत्र तथ्य पर आधारित हो; अतएव मैंने सोचा कि इस पत्र के माध्यम से आपके लिए एक सत्य की गठरी छोड़ जाऊँ। इस खत में जो कुछ भी लिखा जा रहा है, वह सच्ची घटना पर आधारित है। मनगढ़ंत व कपोल कल्पना जैसी कोई भी चीज इस पत्र में वर्णित नहीं है। मुझे अच्छी तरह मालूम है कि आप मुझे एक बार नहीं हजारों बार दोषी ठहरा रहे होओगे। यहाँ तक कि मेरी अस्थियों को फाँसी के तख्ते पर लटकाने के लिए भी उतावले हो रहे होंगे। पर करुँ भी तो क्या करुँ? मैं भी वक्त का मारा हूँ। समय के थपेड़ों ने मुझे अधमरा कर दिया है। आपकी दशा का ख्याल आते ही मैं जी भरकर रो पड़ता था। और मेरे आँसूओं की बूँद स्याही बनकर मेरी लेखनी को ताउम्र मदद करती रही। लेकिन एक बात का ध्यान रखो। जिस दुःख से सिदो-बिरसा परेशान थे, जिन कारणों को लेकर मारांग गोमके व दिसोम गुरु ने आंदोलन किया, आज हम भी उन्हीं कारणों से पीड़ित हो रहे हैं। और आशा है आप भी उसी दुःख से ही दबे रहोगे। अर्थात् दुःख के अंतराल में कोई ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा। आसमान से गिरे तो खजूर पर अटक गए।

कहा जाता है; पुरखे हमारे शहीद होते रहे हैं। किसी को घोड़े की चंवार से बाँधकर तब तक घसीटा गया जब तक कि उनके प्राणपखेरु उड़ नहीं गए, तो किसी को अपने ही जन्मस्थल में फाँसी दी गई और तो और किसी को तो जहर का प्याला पीने के लिए भी मजबूर किया गया। जिस किसी ने भी अन्याय के विरुद्ध मुँह खोला, उसकी बोलती सदा-सदा के लिए बंद कर दी गई। पुरखों के बलिदानस्वरुप हमने कुछ दिन सीएनटी और एसपीटी एक्ट का लुत्फ उठाने का असफल प्रयास किया। पर यह वही साबित हुआ, जिसे हाथी के दाँत दिखाने के कुछ और खाने को कुछ कहते हैं। बलि का बकरा कब तक खैर मनाता? जगह-जगह उनकी बपौती जमीन पर कल-कारखाने बैठा दिए गए। बड़े-बड़े बाँधों का निर्माण हुआ। वे कुशल कारीगर तो थे नहीं; अतः उन्हें चतुर्थ श्रेणी की नौकरी से भी वंचित कर दिया गया। वे बेचारे भूमिपुत्र विस्थापन के जाल में फँसते चले गए थे। वे रोजगार की तलाश में असम, अंडमान और महानगरों की ओर कूच कर गए। आरक्षण मिलने लायक आबादी न रही। सरल, सीधे और सत्यवादी भूमिपुत्र अपने ऊपर हो रहे अत्याचार का सामना करने में विफल रहे। हमेशा उनके मुखवृंद से भगवान देखता है का सुवचन निकलता था। किन्तु कोई भी भगवान उसे बचाने नहीं आया। क्यों आता? यहाँ तो यह उक्ति चरितार्थ हो रही थी; भगवान भी उसी की मदद करता है, जो अपनी मदद स्वयं करता है।

मुगलों के बाद दो सौ वर्षों तक देश अंग्रेजों का गुलाम रहा। आजादी की लड़ाई छेड़ दी गई और अंततः सन् 1947 ई. में अंग्रेज देश छोड़कर चले गए। पर झाड़ जंगल में काले अंग्रेजों का साम्राज्य बढ़ता गया। उनके फन कुचलने के लिए आँधी-तूफान की तरह झाड़ जंगल में मारांग गोमके का उदय हुआ। सदियों से दबाए गए लोगों ने अपने बीच एक ऐसा गरीबों का मसीहा पाकर बहुत आनंदित हो उठे। गरीबों ने कुछ हद तक राहत की साँस ली। लोग उनसे जुड़ते गए एवं कारवां बनते गया। मारांङ गोमके जहाँ भी जाते, उन्हें सुनने के लिए ऐसी भीड़ जमा होती, जो न अब तक इकट्ठी हुई थी और न ही भविष्य में ऐसी भीड़ कभी इकट्ठा होने की उम्मीद है। उनकी सभा में शामिल होने के लिए लोग भूखे-प्यासे कई सौ मील तक का सफर पैदल ही तय करते। मुर्गे की बांग ने लोगों को गहरी नींद से जगा दिया था। लोगों में जागरुकता नाम का जीव प्रवेश कर गया था। फिर क्या था? जहाँ देखो मुर्गा छाप, वहीं लगाओ मोहर आप चरितार्थ हो गया। इस तरह मारांङ गोमके ने तैंतीस विधायकों को बिहार विधान सभा में भेज दिया। इस प्रकरण से कुछ हुआ कि नहीं यह तो ज्ञात नहीं पर यह सर्वविदित है कि लोगों के मन मंदिर में एक ऐसी ममतामयी भावना जाग उठी, जिससे लोग इस कदर ग्रसित हो गए कि यह भावना भुलाए न भूली। अपने लिए अलग झाड़ जंगल प्रदेश की माँग ने लोगों की नींद हराम कर रखी थी। उठते, बैठते, सोते आँखों के सामने सिर्फ और सिर्फ अलग प्रदेश ही दिखाई दे रहा था; क्योंकि अलग प्रदेश मूर्छितों की एकमात्र संजीवनी बूटी थी। मुर्गे की कुकड़ुकूं से सारी जनता अति प्रसन्नचित्त थी। पर हाय री अभागिन जनता! एक दिन उन्हें पता चला कि मारांग गोमके और उनके सहयोगियों ने उस मुर्गे को ही चखना कर दिया था। और इस तरह मारांङ गोमके देश के प्रथम प्रधानमंत्री की गोद में जा बैठे। मारांङ गोमके राजनीति छोड़ एक किसान बन गए। जिसे वह हल में जोतने हेतु जोड़ा बैल बन गए। मारांग गोमके द्वारा खरीद-फरोख्त की यह एक ऐसी बेसुरी परंपरा स्थापित की गई कि बाद के नेता भी इनके पदचिह्नों का अनुसरण करते नहीं अघाते थे।

मारांङ गोमके के अस्त होने के बाद झाड़ जंगल में एक बहुत बड़ी रिक्तता पैदा हो गई। लगा, मानो लोगों को साँप सूँघ गया हो। कहीं से कोई चूँ तक की आवाज न आई। इस रिक्तता की पूर्ति हेतु फिर आया तेज हवा का एक झोंका। एक मुट्ठी चावल और एक रुपया का कमाल देखिए कि वह कुछ ही दिनों में साढ़े तीन करोड़ में परिणत हो गया। लोगों ने उन्हें सिर आँखों पर बैठा लिया था। लोगों ने अपनी ममतामयी भावना को गिरवी रख दिया। तीस वर्षों तक उन्हें राज करने का मौका दिया गया। इस दौरान कुछ हासिल हुआ कि नहीं यह तो मालूम नहीं। लेकिन उन्हीं की सहमति से एक देश लूटा गया। हुल में शहीदों के खून से लिखा गया उपझारखण्ड नीलाम हो गया। एक के बदले अब वह छह टुकड़ों में विभाजित हो गया। प्रशासनिक दृष्टिकोण से चाहे वह सौ टुकड़ों में बाँट दिया होता पर उनका नामकरण तो अपनी संस्कृति की पहचान पर आधारित होता। पर ऐसा संभव न हो सका। इस तरह खून की नदी से सिंची गई धरती भी परायी हो गई। वह सदैव तारे तोड़ने का वादा करने वाले, लोगों की आँखों में धूल झोंकने में कामयाब हो गया। मारांग गोमके और दिसोम गुरु दलितों के सर्वमान्य नेता रहे हैं। दोनों ही महान क्रांतिकारी थे; इसमें कोई दो राय नहीं। पर क्यों कांग्रेस में विलय और साढ़े तीन में बिकने की घटना घटी? इस प्रश्न का उत्तर अब तक कोई दे न सका। निश्चित तौर पर लगता है; दोनों नेताओं के पास दूरदृष्टि, स्पष्ट विचारधारा और अच्छे दर्शन की कमी थी। और आपको जानकर आश्चर्य होगा कि रातोंरात एक झाड़ जंगल प्रदेश का सृजन भी हो गया था। इस प्रदेश सृजन के पीछे भी एक बहुत बड़ा रहस्य छिपा हुआ है। दो की लड़ाई में तीसरे का फायदा हुआ। तीसरा असहाय और दरिद्र था। संक्षेप में आपको बता दूँ कि यह तो वही बात हो गई कि रातोंरात एक भिखारी को मर्सीडिज कार की भेंट दी गई। अब भिखारी कार को सुबह-शाम देखे, चाटे या सूँघे? कुछ भी करे, यह तो वो जाने और उसका काम जाने। पर भिखारी अब दूर से ही टुकुर-टुकुर उस मर्सीडिज कार को निहारने में तल्लीन है। मर्सीडिज को चलाने के लिए उस भिखारी के पास न तो तेल है और न ही तेल लेने के लिए जेब में पैसे। पानी से आखिर गाड़ी भी तो नहीं चल सकती। रखे-रखे मर्सीडिज अब सड़ने के कगार पर खड़ी है।

मेरे प्रिय पोते! कहीं धोखे में न रहना कि आपके परदादे अनपढ़ और गंवार थे। यह सच है कि देश आजाद होने तक गाँव में पढ़े-लिखे लोगों की संख्या नगण्य थी। पर इसके पूर्व अंग्रेजों से लोहा लेने वाले तिलका मुर्मू, सिदो मुर्मू एवं बिरसा मुंडा ने कौन से विश्वविद्यालय से कौन-सी डिग्रियां ली थी, जिसे अंग्रेजों को लोहे का चना चबवाया था? ये महान नेता अंगूठा टेक थे। इन्होंने किसी स्कूल का दरवाजा न देखा था। फिर भी इन्होंने अंग्रेजों को छठी का दूध पिलाया था। और इनके आंदोलन के फलस्वरुप संताल परगना एवं छोटानागपुर का जन्म हुआ था। जहाँ कहीं भी समाज उन्नति की बात होती, लोगों ने सर्वसम्मति से मान लिया था कि शिक्षा ही विकास की एकमात्र कुंजी है। बगैर शिक्षा उन्नति करना कोरी कल्पना ही होगी। अतएव प्रदेश में सरकारी, गैर-सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विद्यालयों की बाढ़ आ गई। देश आजाद होने के साठ वर्ष में कोई ऐसा गाँव न रहा, जहाँ कोई स्नातक न हुआ हो। बालक-बालिकाएँ ओले की तरह पढ़ लिखकर बादलों से बारिश के रुप में दनादन गिर रहे थे। लेकिन यह क्या? विद्यार्थियों के मस्तिष्क में मीठे फल के बीज बोए जा रहे थे, लेकिन फल आ रहे थे कड़ुवे। बच्चों को अमीर बनने की सिखावन दी जा रही थी; पर बन रहे थे रंक। स्वर्ग जाने का रास्ता बताया जा रहा था; पर जी रहे थे नरक में। ऐसा क्यों? समाज की माली हालत अब बद से बदतर होती जा रही थी। कोई ऐसी समस्या न बची; जिससे लोग पीड़ित न हों। उन्नति के बारे समाज के ठेकेदारों की अलग-अलग दलीलें थीं। राजनीतिज्ञ अपने लिए वोट को ही समाज प्रगति का एकमात्र नुस्खा बताते। धर्मगुरु इस दुनिया के बारे न बताकर परलोक की बात करते। समाज सेवक गाँव का आँकड़ा लेकर सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ा रहे थे। और तो और सरकारी संपत्ति, किसी की संपत्ति नहीं चरितार्थ हो रहा था। सरकारी तंत्र लूट-खसोट का अड्डा बन गया था। सरकार का मतलब मूर्खों का, मूर्खों द्वारा, मूर्खों के लिए।

किसी दार्शनिक ने बिल्कुल सही कहा है कि कोई भी शिक्षा कभी निष्क्रिय नहीं रह सकती। या तो यह मुक्त करती है अथवा दास बनाती है। दबंग समाज द्वारा शिक्षा का पाठ्यक्रम इस तरह तैयार किया जाता है कि हम दास व गुलामी खटने के लिए मजबूर हो जाते हैं।

मेरे प्रिय पोते! अंत में मैं यही कहना चाहूँगा कि हम और आप चाहे लाख यत्न कर लें। हमें रेड इंडियन बनने से कोई रोक नहीं सकता। इसमें दोष उनका नहीं, सौ फीसदी गलती हमारी ही है। पत्र मिलने तक आप "लाल भारतीय" के रुप में परिणत हो चुके होंगे। ढेर सारे आशीर्वाद सहित पत्रांत करता हूँ।

Friday, 6 February 2015

बेचारे अंधों का यह कैसा हाथी?

पिछले अंक में हमने शिक्षा के प्रति मंगरु की सोच को जान लिया है। किसी भी तरह की गलतफहमी में न रहें कि वह शिक्षा का घोर विरोधी है। अपितु उसका कहने का तात्पर्य यही है कि शिक्षा के साथ-साथ किसी श्रृंगार के रुप में अच्छे विवेक का भी वह तीमारदारी है; जिसे सोने पे सुहागा कहा जाता है। वह ऐसी शिक्षा हासिल करने का पक्षधर है, जिस शिक्षा से हमें मुक्ति मिल सके। वह ऐसी शिक्षा का समर्थक है; जिस शिक्षा से हमारी सभी तरह की गरीबी मिट सके एवं हम सदा उन्नति की राह पर आगे बढ़ते रहें। ऐसी शिक्षा का क्या औचित्य? जिस शिक्षा से हम गुलाम अथवा दास बनने के लिए मजबूर हो जाते हैं। बल्कि मंगरु पढ़-लिखकर मूर्ख बन जाने का घोर विरोधी है। प्रमाण देते हुए वह कहना चाहता है कि क्या आठ वर्षों से झारखंड में एक भी शिक्षित व्यक्ति का उदय नहीं हुआ है? क्या हमारे पास एक भी डिग्रीधारी उपलब्ध नहीं हैं? एक नहीं, हमारे पास हजारों डिग्रीधारी मौजूद हैं। पर उनकी शिक्षा पर हमें शक और संदेह है। यह अतिश्योक्ति नहीं कि जिस शिक्षा को उन्होंने ग्रहण किया, जिस शिक्षा ने उन्हें बड़ी-बड़ी डिग्रियों का हकदार बनाया; उस शिक्षा ने आखिरकार उन्हें अंत में पशुतुल्य बना दिया है। अच्छे और बुरे पहचानने के वे काबिल नहीं रहे। यही कारण है कि झारखण्ड गठन के बाद से आदिवासी मुख्यमंत्रियों के पदस्थापित होते रहने के बावजूद भी आज हमारी यह सुनहरी हालत हो रखी है!

मंगरु आज कब खाना खा रहा है, कब सो रहा है, उसे कुछ ध्यान ही नहीं। आज वह अपने समाज के प्रति चिंतामग्न है। लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुँच पाना, उसे टेढ़ी खीर लग रहा है। मंगरु आगे विश्लेषण कर रहा है। सामाजिक बैठकों में शिक्षा के बाद सबसे ज्यादा चर्चा होने वाला विषय है; मद्यपान। बार-बार कहा जाता है कि नशे की लत ने हमारे समाज को बर्बाद करके रख दिया है। लोग पीने के लिए पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं। शादी-ब्याह व पर्व-त्योहार के अवसर पर तो बात ही छोड़ दीजिए। आज रानू देवता हमारे गाँव.घर की चहार दीवारों को फाँदकर, बीच सड़क पर खड़े होकर अपना जलवा दिखा रहा है। झारखण्ड में ऐसा कोई हाट-बाजार नहीं बचा है, जहाँ खुलेआम हँड़िया-दारु की बिक्री न हो रही हो। कोई मेला, कोई सभास्थल, कोई सार्वजनिक स्थल ऐसा नहीं बचा है, जहाँ देसी शराब धड़ल्ले के साथ न बेची जाती हो। इस पर किसी तरह की कोई सरकारी रोक-टोक भी नहीं। सेल्स गर्ल के रुप में हमारी भोली-भाली बालाएँ ही इस धंधे में लिप्त दिखाई देती हैं। लगता है; मानो पूरा झारखण्ड ही ऑपेन बार में तब्दील हो गया हो। जिसमें खासकर हम आदिवासी उस बार में गोता लगाने में मशगूल हो गए हैं। बच्चे हों या बुड्ढे, सारे सोमरस का मजा लूटने में व्यस्त हो गए हैं। और इस तरह अत्यधिक नशे के फलस्वरुप हम शारीरिक व मानसिक रुप से कमजोर हो चले हैं। यहाँ तक तो बात जायज लगती है। दारु पीना कोई बुरी बात नहीं; लेकिन दारु हम सभी को पी डाले, यह कतई बर्दास्त नहीं। लेकिन सवाल उठता है; क्या आपने कभी दारुबाज के सामने यह सवाल उठाया है कि वह दारु क्यों पीता है? क्या कारण है कि वह हमेशा हँड़िया-दारु के साथ रहता है? बाँहों में बाँहें डाले वह उसके संग घुमता रहता है? शराब सिर्फ दो ही अवस्था में पी जाती है; एक खुशी और दूसरा गम को भुलाने के लिए। लेकिन हम आदिवासी किस कारण शराब को गले लगाए हुए हैं; इसका जवाब शायद सिंग बोंगा के पास भी उपलब्ध नहीं है। झारखण्ड को देखकर न तो हमें खुशी है और न ही गम। फिर भी हम शराब के इतने दीवाने क्यों हैं? इसकी जड़ तक पहुँचने के लिए मंगरु को शायद और भी वक्त की जरुरत है। लेकिन इस संबंध में मंगरु के मन में अनगिनत शंकाएँ उठ रही हैं। मंगरु को अच्छी तरह याद है; गुरु जी के आरंभिक काल में, आदिवासी समाज से नशापान को जड़ समेत उखाड़ फेंकने के लिए, उसने हँड़िया-दारु की बिक्री बंद करने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया। हुक्म हुआ कि अगर कोई पीने-पिलाने के धंधे में रंगेहाथ पकड़ा गया, तो उसे "दिल्ली रोड" दिखा दिया जाएगा। और कुदरत का करिश्मा देखिए कि उस हुक्म की जोरशोर से तामील की गई। लेकिन आम जनता पर इसका प्रतिकूल असर पड़ा। कहीं जगह न मिलने पर नशेबाजों ने गुदड़ी में पनाह लेनी शुरु कर दी। लोग चोरी-छिपे पर पहले की अपेक्षा और अधिक मस्त होकर पीने में लीन हो गए। परंतु आश्चर्य तो तब हुआ, जब गुरु जी के चेले दिन के उजाले में नशेड़ियों को दिल्ली रोड दिखा रहे थे, तो रात अँधेरे में वे स्वयं ही मस्त होकर दिल्ली रोड पर सरपट भाग रहे थे। अर्थात् उनके ही चमचे-बेलचे भयंकर दारुबाज निकले। हँड़िया-दारु उर्फ गुरु जी ने बिन माँगे जगप्रसिद्धि पा ली। इस तरह मद्यपान खत्म नहीं हुआ। परंतु यह दिन दुगुनी रात चौगुनी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता ही गया।

उदाहरण के तौर पर झारखण्ड से निकल कर एक ऐसे प्रदेश की ओर निगाह डालें, जहाँ हर गाँव में बिजली की व्यवस्था है और हर गाँव सड़क से जुड़ा हुआ है। यह एक कृषि प्रधान प्रदेश है; और यहाँ के निवासी काफी खुशहाल हैं। उस प्रदेश को आप हरियाणा के नाम से जानते हैं। कुछ वर्ष पहले की घटना है। तब हरियाणा में श्री बंसीलाल मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान हुआ करते थे। प्रदेश की खुशहाली में चार चाँद लगाने हेतु बंसीलाल की सरकार ने प्रदेश में सौ फीसदी मद्यपान निषेध की घोषणा कर दी। हरियाणा में नशामुक्ति का सरकारी आंदोलन छेड़ दिया गया। पूरे प्रदेश में एक बूँद शराब की बिक्री नहीं हो सकती थी। इसका परिणाम क्या हुआ? होना क्या था; जो उपरवर्णित घटना गुरु जी के साथ हुई, वही घटना यहाँ भी दुहरा दी गई। पहले सौ की बोतल मिलती थी, अब अवैध रुप से उस बोतल की कीमत हजारों में पहुँच गई थी। इसकी विपरीत प्रतिक्रिया हुई; पहले लोग गिलास में पीते थे, अब लोग मग्गे में पीने लग गए। दुष्परिणाम यही कि जब विधान सभा का अगला चुनाव हुआ; तो शराब ने बंसीलाल की लुटिया ही डूबो दी। उसकी सरकार तो गई ही साथ में उसकी मिट्टी ऐसी पलीद हो गई कि वह मुँह छिपाने के लायक न रहा। कहने का तात्पर्य यही कि जहाँ भी मद्यपान रोकने की कोशिश की गई है; वहाँ बुरा हाल ही हुआ है।

मंगरु को आज यह तर्क समझ में नहीं आ रहा है। वह देख रहा है कि भोले-भाले आदिवासी तो सिर्फ घरेलू और सस्ती शराब का ही पान कर रहे हैं; पर अन्य शहरी लोग तो एक से एक बढ़िया और महंगी शराब का सेवन करते हैं। कोई भी बड़े-बड़े होटल, रेस्तरां, पब का नजारा देखिए, वहाँ शराब इस तरह परोसी जाती है; जैसे उसकी बिक्री मुफ्त में हो रही हो। फिर भी उनका कुछ नहीं बिगड़ रहा है। उसे यह भी ज्ञात है कि हमारे फौजियों को शराब से नहला देने का सरकारी नियम भी है। ऐसा क्यों होता है? कारण कुछ भी हो; पर आदिवासियों के संदर्भ में इतना अवश्य है कि यह हमारी संस्कृति से जुड़ी हुई प्रथा है। जबरन इस प्रथा को बंद नहीं किया जा सकता। हाँ, किसी भी चीज का अति होना हानिकारक है; इसमें कोई दो राय नहीं। जरुरत है तो सिर्फ इतनी कि हमें पीने की कला अवश्य सीखनी चाहिए। ध्यान रहे कि किसी भी कीमत पर हँड़िया हमें डकार न जाए। निचोड़ यही कि जो भी हमारे मद्यपान विरोधी मित्र हैं; उनसे आग्रह है कि वे जबरन हँड़िया-दारु की संस्कृति को बंद न कराए। क्योंकि मनोवैज्ञानिक कारण है कि जिस भी चीज को जितना भी छुपाने की कोशिश करोगे; उसे देखने के लिए मन में उतनी ही जिज्ञासा तीव्रगति से बढ़ती जाएगी। और यकीन मानो, लोग उस छिपी हुई चीज को देखने के लिए दूसरा अवैध रास्ता निकाल ही लेते हैं। लेकिन हमारे मद्यपान विरोधी मित्र, उस ग्वाले की भाँति इस तथ्य को समझने से ही इनकार करते हैं। वे तर्क देते हुए कहते हैं कि मद्यपान ही है हमारे समाज का पिछड़ने का एकमात्र कारण। अगर तत्काल शराबबंदी हो जाए तो हम क्षण भर में उन्नति की सीढ़ियों पर चढ़ते हुए नजर आएंगे। लेकिन दोस्तो, अक्सर ऐसा होता नहीं है। दुनिया के ठंडे देशों में देखो, तो वहाँ पानी की तरह लोग शराब का सेवन करते हैं। और विडंबना यही कि वे हमसे कई गुना अधिक प्रगतिशील हैं। अगर शराब विनाश का कारण होता, तो वे बेचारे ठंडे देश के लोग कब के मर-खप गए होते।

दोपहर का खाना खा चुकने के बाद मंगरु फिर अपनी सोच को जारी रखे हुए है। सोचते.सोचते उसे लगा कि समाज की समस्याएँ तो अनेक हैं। किस.किसके बारे वह सोचे? कौन सी समस्या के लिए, कौन से समाधानों को वह सुझाए? काफी देर चिंतन करने के बाद मंगरु इस नतीजे पर पहुँचा कि समस्या तो सिर्फ दो प्रकार की होती है - व्यक्तिगत और सामूहिक। परिभाषा के रुप में अगर कहना चाहें तो व्यक्तिगत समस्या उसे कहा जाता है; जो निजी हो एवं उस समस्या के समाधान हेतु किसी बाहरी व्यक्ति की मदद की कोई आवश्यकता ही न हो। अर्थात् जिसका समाधान खुद को ही करना पड़े। इसके विपरीत; सामूहिक समस्या उसे कहा जाता है; जिस समस्या से पूरा समाज ही पीड़ित हो एवं जिसका समाधान एक व्यक्ति द्वारा संभव न हो। परंतु इस समस्या के समाधान के लिए पूरे समाज की जरुरत हो। फिर तो पेसा, परिसीमन ... आदि सामूहिक समस्याएँ हुईं? बिल्कुल। सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए आज हमारे पास कई सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाएँ कार्यरत हैं। इनके अलावे छोटे-मोटे कई क्लब, संस्था, संघ, दल वगैरह भी इस शुभ कार्य में हाथ बँटा रहे हैं। इनमें कुछ पंजीकृत हैं तो कुछ अपंजीकृत। और इन सभी दलों में से जो सबसे बड़ा दल है, जो हमारे देश की प्रजातांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है; वह राजनीतिक दल किसी भी सामूहिक समस्या के निदान के लिए अनवरत कार्यरत है। अतएव क्यों न राजनीति के बारे थोड़ी-सी चर्चा की जाए।

राजनीति अर्थात् ऐसी नीतियों का निर्धारण करना, जिन नीतियों व नियमों के तहत जनता पर शासन किया जा सके अर्थात् राज्य चलाया जा सके। राज दरबार में बैठकर ऐसी नीति बनाना जिससे जनता/प्रजा की भलाई हो सके। और इस नीति को बनाने के लिए जिसे भी उत्तरदायित्व सौंपा जाता है, उसे राजनीतिज्ञ या विशुद्ध रुप से आधुनिक भाषा में उन्हें सांसद या विधायक कहा जाता है। देश, प्रदेश व समाज की उन्नति या अवनति के लिए बहुत हद तक राजनीति को ही जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। छोटी-मोटी कोई भी गैर-सरकारी संस्थाएँ अपनी सोच को दर्शा सकती हैं; पर नियम व कानून बनाने का हक तो सिर्फ राजनीतिज्ञों को ही है। अतः कहा जा सकता है कि राजनीति का अखाड़ा (विधान सभा/संसदद्) एक मंदिर के समान है और सांसद या विधायक उस मंदिर के पुरोहित व पुजारी होते हैं। अतः सिद्ध हो गया कि राजनीति एक धार्मिक स्थल है। यहाँ पुण्य के अलावे और किसी तरह के गलत धंधे को अंजाम देना सख्त वर्जित है। लेकिन अभी तक हमें जिस शिक्षा का घूँट पिलाया गया है; उस घूँट में राजनीति को हमेशा ही बुरी नजर से देखने की हिदायत दी गई है। राजनीति एक गंदा खेल है का कुपाठ हमें पढ़ाया गया है। राजनीति से दूर-दूर तक भी रिश्ते जोड़ने की मनाही है। मंगरु इस तर्क को समझने में आजतक सौ फीसदी विफल रहा है। जिस मंदिर में सिर्फ स्वर्ग जाने का ही रास्ता बताया जा रहा हो, उसे आजतक हमने जाने अनजाने नरक की संज्ञा दी हुई है। उस मंदिर की पूजा-अर्चना में शामिल होना तो दूर, उस ओर झाँकने तक भी मनाही है। जिस मंदिर में हमारे भाग्य और तकदीर का फैसला होता हो, उस स्थल को अभी तक हमने कूड़ेदान समझकर तिरस्कृत किया हुआ है। ऐड्स की तरह पॉलिटिक्स की पी तक को छूने नहीं दिया जाता है। कहा जाता है कि राजनीति गंदे लोगों का खेल है। इस खेल में जो अपराधी होता है, वही सफल होता है। इस तरह की भूलभुलैया के चक्कर में अच्छे और नेक इंसानों ने बुरे लोगों के लिए मंदिर जाने का रास्ता ही त्याग दिया है। यकीन मानो, इस प्रकरण में कसूरवार नेक इंसान ही हैं न कि अपराधी। थोड़ी देर के लिए कल्पना करो। मान लो, उस पवित्र मंदिर में किसी पुरोहित के बदले डाकू सुल्तान सिंह जैसे अपराधिक छवि वाले लोगों का कब्जा हो जाए, तो वहाँ का दृश्य कैसा होगा? उस भव्य मंदिर में अगर वास्तव में चोर-डकैत इकट्ठे हो जाएँ, तो यह निश्चित है कि वहाँ भजन-कीर्तन तो होने से रहा। बल्कि मारकाट और खून-खराबे की ऐसी भयावह स्थिति पैदा हो जाएगी कि आप सोच भी नहीं सकते। रोज अत्याचार, बलात्कार, भ्रष्टाचार और खूनी संघर्ष से उस मंदिर का तो सत्यानाश होगा ही, साथ ही श्रद्धालुओं का भी बेड़ा गर्क हो जाएगा। इस तरह सोचते-सोचते मंगरु की बंद आँखें खुल गईं। उसे लगा कहीं वह सपना तो नहीं देख रहा है?

Tuesday, 3 February 2015

बेचारे अंधों का यह कैसा हाथी?

कहा जाता है कि चिंता चिता समान है। अत्याधिक चिंता करने से अच्छी-भली सेहत भी बिगड़ सकती है। जो व्यक्ति ज्यादा चिंतित रहता है, वह उस चिंता रुपी चिता में जलकर भस्म हो जाता है। लेकिन आज मंगरु तो केवल सोच ही रहा है। सबसे पहले वह अपनी सोच में बदलाव लाना चाहता है। चूँकि सोच बदलना ही उन्नति की पहली सीढ़ी है। वह अपने समाज का गहराई से विश्लेषण कर रहा है। वह कोई अपनी व्यक्तिगत समस्या से थोडे़ ही न चिंतित है। अगर वह चिंतित भी है, तो वह अपने सुनहरे समाज को देखकर चिंतित है! वाह रे आदिवासी समाज! मंगरु देख रहा है; किस तरह आदिवासी लोग आत्महत्या कर रहे हैं। ठीक उसी तरह; जैसे पहली बरसात के समय बिजली के खंभे पर जल रहे बल्ब की रोशनी की ओर आकर्षित होकर कीड़े-मकोड़े अपने आप जलकर मर-मिटते हैं। इस भूमंडलीकरण के युग में आदिवासी आधुनिकता के बहाव में बह गए। वे अपने आदिवासी मूल्यों को त्याग कर किस तरह चमगादड़ बनने की कोशिश में जुट गए हैं। और जैसे कि आपको मालूम है; चमगादड़ न तो जानवर है और न ही पक्षी। उसी तरह मंगरु को डर है, कहीं आदिवासी भी धोबी के कुत्ते की तरह न घर का और न ही घाट का रह जाएगा। घड़ी के पेंडुलम की तरह वह झूलता ही रह जाएगा। मंगरु सोच रहा है; आखिर लोग दुःखी क्यों होते हैं? अनुभव के आधार पर मंगरु का मानना है कि लोगों को अपने आप से संतुष्ट होना सीखना चाहिए। क्योंकि अक्सर लोग, जो कुछ अपने पास उपलब्ध है, उससे खुश नहीं होते; पर जो दूसरों के पास है, उसे देखकर दुःखी होते हैं। उसी तरह दूसरों के पास जब कोई चीज नहीं होती है अर्थात् जब दूसरे लोग दुःखी होते हैं, तो वह खुश होता है। इसे विडंबना नहीं तो और क्या कहोगे?

आज मंगरु सोचने में कुछ ज्यादा ही व्यस्त हो गया है। कब दिन निकला, कब दोपहर हुई और कब शाम ढल गई, कुछ पता भी न चला। वह अच्छी तरह जानता है; उसकी सोच के फलस्वरुप निकली छोटी सी रश्मि भी अगर समाज को थोड़ी दूर तक ही सही, कोई रास्ता दिखाने में कामयाब हो सके, तो वह अपने मनुष्य जन्म को सफल मानकर, इस दुनिया से विदाई लेने में उसे थोड़ी-सी वेदना भी नहीं होगी। उसे किसी तरह का कोई गिला शिकवा भी नहीं रहेगा; परंतु उसे आनंदपूर्वक परलोक सिधार जाने में परम संतुष्टी होगी।

हमने पिछले अंक में राजनीति के बारे मंगरु की थोड़ी-सी सोच को जाना। हमारे कुछ मित्रगण, राजनीति को ही सभी समस्याओं का एकमात्र समाधान मानते हैं। वे भी उस ग्वाले की भाँति अपने दही को खट्टा मानने से ही इनकार करते हैं। कुछ भी हो, मंगरु के अनुसार राजनीति का अखाड़ा एक मंदिर के समान है। जहाँ सिर्फ स्वर्ग की ही बातें होती हैं। वहाँ दूध का दूध और पानी का पानी न्याय होता है। लेकिन जरा देश-दुनिया की राजनीति को देख लो; वह हमें कहाँ ले जाना चाहती है, भगवान ही मालिक है। खैर, मंगरु की सोच का दायरा सिर्फ झारखण्ड तक ही सीमित है। अतएव मंगरु आगे सोचता ही चला जा रहा है। राजनीति के अखाड़े में अंदर क्या होता है; मंगरु को इस बारे कुछ भी नहीं मालूम। पर उस राजनीति के फलस्वरुप जो फल उग आते हैं, उसे चखकर वह बता सकने में जरुर काबिल है कि फल मीठा है कि खट्टा। मारांङ गोमके से लेकर दिसोम गुरु तक की राजनीतिक घटनाओं को वह माइक्रोस्कॉप के जरिए देखकर, उसकी जाँच पड़ताल करने में जुटा हुआ है। इस दौरान हमने क्या पाया, क्या खोया विश्लेषण कर रहा है। राजनीतिक मंदिर के पुजारियों ने हमें कौन से गुल खिलाए हैं, मंगरु जानने की कोशिश कर रहा है। पर मंगरु को खाक कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है। मस्तिष्क पर जोर देते हुए, वह राजनीतिक उठा-पटक को गहराई से खंगालने की चेष्टा कर रहा है। पर हवा की तरह कुछ पकड़ में ही नहीं आ रहा। काफी देर मंथन करने के बाद, उसे लगा कि देश आजाद होने के बाद से अभी तक झारखंड की राजनीति में काफी उथल-पुथल हुआ है। झारखण्ड की राजनीति आदिवासियों को केन्द्रबिन्दु मानकर ही संपन्न होती रही है। पर बेचारे आदिवासी! अभी तक वे प्रयोगशाला की सामग्री बनकर ही रह गए हैं। झारखंडी राजनीति को कुछ इस तरह भी समझा जा सकता है। फुटबॉल या हॉकी खेल से आप अच्छी तरह परिचित होंगे। इस मैच में टीम कप्तान चाहे मारांग गोमके, लालबाबू, मुंडा, कोड़ा, हो या गुरु जी; सभी ने अब तक एक बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है। पर उस उत्कृष्ट खेल का क्या फायदा, जब उनकी टीमें एक भी गोल करने में विफल रही हों। अतएव स्पष्ट रुप से कहा जा सकता है कि किसी मैच में विजयी घोषित होने के लिए गोल नितांत जरुरी है। मैच देखकर लगता है; कहीं हमारी टीम ही गोल खाकर मुँह लटकाए तो नहीं बैठी है? कुछ भी हो। इतना निश्चित है कि हमारी टीम ने कभी गोल नहीं दागा है। हो सकता है प्रतिद्वंदी टीम ने हमारे ऊपर ही दनादन गोल किए हों? इसके बारे आप ही ज्यादा जानकार हैं। इतने दिनों से इतना बढ़िया मैच खेलने के बावजूद भी गोल न कर सकना ही साबित करता है कि राजनीति भी एकमात्र समाधान नहीं है।

मंगरु सोच-सोचकर अत्यंत दुःखी हुआ जा रहा है। फिर क्या हो समस्या का सही समाधान? वह गहरी चिंता में डूब गया है। मंगरु नास्तिक तो नहीं पर असली आस्तिक भी नहीं बन पाया है। वह भगवान को ढूँढ़े जा रहा है; पर अब तक तो उसके साथ मुलाकात संभव नहीं हो पाई है। कब होगी उसकी भेंट, उसे कुछ नहीं मालूम। सोचता है; जो कुछ भी उसके साथ हो रहा है, कभी वह इसके लिए उसे ही जिम्मेवार ठहरा रहा है। वह अपने दिमाग पर जोर देते हुए भगवान पर ही लांछन लगा देता है। वह पूछना चाहता है; हे भगवान, तूने क्या हमारी सृष्टि यही दिन देखने के लिए ही की है? क्या हमारे भाग्य में सारी उम्र गुलामी की जिंदगी जीने के लिए ही लिख दी गई है? क्या हमारे नसीब में दर-दर की ठोकरें खाना ही दर्ज है? हे परमपिता परमेश्वर! तू तो दयासागर है। तू तो दयानिधि है। कहाँ गई आपकी वह दयालुता? कहाँ गई आपकी वह स्नेह और दयामयी ममता? तुम तो चालाकों के चालाक ठहरे! आकाश, पाताल और धरती का सृजन करने के बाद ऐसा छूमंतर हो गया कि आपको ढूँढ़ने के लिए हमें चर्च, मंदिर, गुरुद्वारा, मस्जिद आदि के निर्माण करने पड़े। फिर भी न तो आप दिखते हो और न ही सुनते हो। कोई भी दुखियारा कितना भी रोए-पीटे, गिड़गिड़ाए; न तो तू उसे सुनता है, न तो दर्शन देता है और न ही उसे सांत्वना भरी कुछ बातें ही करता है। कैसा भगवान है तू? किस मिट्टी का बना है तू? इतना कुछ भगवान पर इल्जाम लगाने के बाद, मंगरु ठंडे दिमाग से सोचने के लिए मजबूर हो गया। अत्यधिक पीड़ा के कारण उसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। वह ओछेपन पर उतार आया। गुस्से से आदमी पागल भी हो सकता है। खैर, इस दौरान सोची गई बातों पर उसे पछतावा हो रहा है। उसे अब समझ में आ गया है कि कहाँ राजा भोज और कहाँ गंगू तेली। कहाँ भगवान और कहाँ मंगरु? उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है। उसे यकीन हो चला था कि इस संसार को चलाने वाला कोई न कोई तो होगा ही। ईश्वर, अल्लाह कुछ भी कह लो; कोई तो इस जग का मालिक होगा ही। संसार को चलाने के पीछे कोई न कोई ताकत, कोई शक्ति तो अवश्य होगी ही। एक तुच्छ प्राणी की यह कैसी हिम्मत की वह ब्रह्मांड के सृष्टिकर्ता पर ही उँगली उठाए; जिसने पूरे मानव समुदाय के साथ-साथ जग के सारे सजीव और निर्जीव पदार्थों की रचना की है। जिसने आकाश में चाँद, तारे और सूर्य को टाँग दिया है; इनका कोई न कोई सृष्टिकर्ता तो होगा ही। उसके अंतःमन में ज्ञान की एक छोटी सी ज्योति जल उठी थी। उसके मन में एक छोटा सा दिव्यप्रकाश जल उठा था। वह समझ गया था कि भगवान इतना बेवकूफ नहीं। भगवान ने सृष्टि के द्वारा अपने सारे रहस्य को बताने की पूरी चेष्टा की है। बस, उसे समझने की देर है। जो उसकी लीला को समझ सकता है, वही ज्ञानी है। धीरे-धीरे वह भगवान की अपरंपार महिमा को समझने की कोशिश कर रहा है। अंत में वह इस निष्कर्ष पर पहुँचा कि कहीं हमारा समाज शरीर की तरह तो नहीं है? हमारे समाजशास्त्री ही किसी धोखे में अवश्य होंगे। महान दार्शनिक अरस्तु कुछ भी कहता रहे कि व्यक्ति के समूह को ही समाज कहा जाता है। फूल व्यक्ति है, तो माला समाज। और जो व्यक्ति समाज के अंदर नहीं रहता; वह या तो देवता है और नहीं तो भूत। ऐसी परिभाषा मंगरु तो क्या बड़े-बड़े समाजशास्त्रियों की समझ से परे की बात है। समाज क्या है; कुछ समझ में नहीं आ रहा। अतएव काफी गहन चिंतन के पश्चात् मंगरु अपने समाज की तुलना किसी शरीर के साथ कर रहा है। मानव देह से उसकी तुलना कर रहा है। समाज एक शरीर की तरह है। जिस तरह शरीर का हरेक अंग महत्वपूर्ण है; उसी तरह समाज का हरेक प्राणी महत्वपूर्ण है। शरीर के किसी भी अंग की अहमियत तुच्छ नहीं गिनी जा सकती। शरीर की एड़ी से लेकर चोटी तक के संपूर्ण हिस्से महत्वपूर्ण हैं। नाखून से लेकर बाल तक सभी जरुरी अंग हैं। अगर कोई भी अंग बीमार हो जाए, तो पूरा शरीर ही चरमरा जाता है। शरीर के किसी भी अंग पर छोटी सी चुभन लग जाए, तो पूरा शरीर ही सिहर उठता है। हो सकता है हाथ, पैर, आँख, कान, नाक, दाँत, दिमाग आदि शरीर के महत्वपूर्ण हिस्से हों; पर अगर सिर में एक भी बाल न हों तो मनुष्य की सुंदरता में बट्टा ही लग जाता है। कहने का तात्पर्य यही कि शरीर के किसी भी अंग को कम नहीं आँका जा सकता है। सारे अंग ही महत्वपूर्ण हैं और वे अपने-अपने तरीके से ही अपने सारे काम को अंजाम देते रहते हैं। अतः मंगरु से लेकर दिसोम गुरु तक सभी समाज के अभिन्न अंग हैं। अपनी-अपनी जगह वे सारे महत्वपूर्ण हैं। हो सकता है; समाज में कोई किसान, मजदूर, रेजाकूली, विद्यार्थी, नौकर, व्यापारी, बुद्धिजीवी, लेखक, समाज सेवक, याजक, राजनीतिज्ञ आदि हों; वे सारे ही एक दूसरे के पूरक हैं। जिस तरह पूरा शरीर स्वस्थ हो पर आँख ही न हो, तो वह व्यक्ति अंधा कहलाता है। उस अंधे को चलने-फिरने में किस तरह की तकलीफ होती होगी, उसे आप अच्छी तरह समझते हो। उसी तरह कोई समाज ठीक-ठाक हो, पर उस समाज में कोई लेखक ही न हो, तो वह समाज भी अंधा ही कहलाता है। शरीर के हाथ-पैर समाज के किसान-मजदूर तुल्य हैं। और अगर दिमाग की तुलना राजनीतिज्ञ से की जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। अतः स्पष्ट हो गया कि हमारे समाज की बनावट भी किसी शरीर की तरह ही है। शरीर के किसी भी अंग में दर्द हो, तो पूरा शरीर ही बीमार हो जाता है। उसी तरह समाज में किसी भी वर्ग को चोट लग जाए, तो पूरा समाज ही बीमार हो जाता है। अतः शरीर के सारे अंग सही, तो शरीर स्वस्थ। उसी तरह समाज के सारे वर्ग ठीक, तो पूरा समाज ही स्वस्थ समाज कहलाता है।

मंगरु को समाज का इस तरह विश्लेषण करते हुए काफी देर हो चली थी। गहन विश्लेषण के उपरांत जो निष्कर्ष निकला; काफी मंथन करने के बाद जो निचोड़ निकला, वह यही कि समाज की समस्याएँ कुछ और हैं और समाधान के रुप में कुछ और दवाएँ सुझाई जा रही हैं। अब तक समाज के रोग और औषधि में कोई मिलान नहीं हो पाया है। यही कारण है कि हमारा समाज स्वस्थ होने का नाम ही नहीं ले रहा। हमारे समाज सेवक भी उस ग्वाले की तरह अपने दही को खट्टा मानने से ही इनकार करते रहे हैं। उनकी दलील यही कि शरीर के हाथ-पैर ठीक तो पूरा शरीर ही ठीक। दिमाग सही तो पूरा शरीर ही सही। लेकिन ऐसा नहीं है। अगर शरीर के किसी भी अंग पर दर्द हो, तो पूरा शरीर ही बीमार हो जाता है; इस कड़ुवे सच को कोई नकार नहीं सकता है।

अतः हमारे समाज के शुभचिंतकों की हालत भी उन अंधों जैसी तो नहीं, जिन्होंने हाथी के किसी एक भाग को छू लेने भर से ही हाथी के वास्तविक हुलिया के बारे ऊटपटांग घोषणा कर दी। जिस अंधे ने हाथी की पूँछ पकड़ ली, उसने कह दिया कि हाथी रस्सी जैसा है। जिसने पैर छू लिया, उसका दावा था कि हाथी किसी खंभे जैसा है। जिसने हाथी के कान पकड़ लिया, उसका कहना था कि हाथी का आकार सूप जैसा है। जिसने हाथी का पेट छू लिया, उसने सभी की दलील को धता बताते हुए ढिंढोरा पीट दिया कि हाथी किसी दीवार जैसा है। इस तरह जिस अंधे को हाथी के जो भी अंग छूने का मौका मिला, वह उसी अनुरुप हाथी के बारे अपनी गलत दलील देते गया। पर किसी भी अंधे ने हाथी के पूरे आकार को न तो ठीक से छू सका था और न ही वे हाथी के सही आकार को ही समझ पाने में सफल हुए थे। अतः कहीं हमारे समाज के शुभचिंतकों की स्थिति भी ऐसी तो नहीं, जो स्थिति उन बेचारे अंधों की बन गई है। मंगरु की यह अंतिम सोच ने उसे आसमान से लाकर पथरीली जमीन पर पटक दिया है। उसके चेहरे पर हवाईयाँ उड़ने लगी थीं। और यह प्रश्न उसके मस्तिष्क पर हथौड़े की तरह बारंबार चोट किए जा रहा था कि उन बेचारे अंधों का यह कैसा हाथी है?

Thursday, 29 January 2015


बेचारे अंधों का यह कैसा हाथी?

आज मंगरु बहुत उदास है। उसके मुखमंडल पर ग्रहण लगा हुआ है। चेहरे पर उदासी छाई हुई है। उसके मन में बेचैनी कुंडली मारकर बैठी हुई है। किसी भी काम में उसका जी नहीं लग रहा। कभी खेत की ओर जा रहा है, कभी नदी किनारे, तो कभी अपने गाँव की पश्चिम दिशा में स्थित टीले की ओर चल पड़ता है। सब तरफ चक्कर मारने के बावजूद भी, आज मंगरु का मन है कि वह एकाग्र होने का नाम ही नहीं ले रहा। घर वापस लौट आने पर वह कभी मेज पर रखे बासी अखबार को पढ़ने की कोशिश करता है, तो कभी दूरदर्शन पर विभिन्न चैनलों को छेड़ रहा है। फिर भी मंगरु का मन स्थिर नहीं हो पा रहा है। आज उसका जी ना खाने में, ना बैठने में और ना ही सोने में लग रहा है। वह अपने कमरे में एकांत बैठे किसी गहरी सोच में डूब गया है। वह गहराई के साथ मनन-चिंतन करने में व्यस्त हो गया है। चूँकि वह अपने समाज में वैचारिक क्रांति लाने का पक्षधर है; अतएव वह मारांङ गोमके से लेकर दिसोम गुरु तक की विभिन्न घटनाओं का सूक्ष्म विश्लेषण कर रहा है। उसके मन में बारंबार यही सवाल कौंध रहा है; क्या कारण है कि अपना अलग प्रदेश मिलने के बावजूद भी हम आदिवासियों की हालत सुधरने के बजाय और भी बिगड़ती जा रही है? क्या वजह है कि आज हम आसमान से गिरे और खजूर पर अटक कर रह गए हैं? किन कारणों से हमारे सुनहरे सपने शीशे की तरह चकनाचूर हो गए हैं? विभिन्न संगठनों द्वारा अविराम जद्दोजहद करने के बाद भी, हमारा समाज अवनति की गर्त में चला जा रहा है। क्या कारण है कि लाख कोशिश करने के बावजूद भी, हमें सफलता हाथ नहीं लग रही है? समाज पिछड़ने का दोष किसके माथे मढ़ दिया जाए? इस तरह मंगरु के मन में ना जाने कितने प्रश्न उमड़-घुमड़ रहे हैं? चलचित्र की भाँति उनकी आँखों के सामने सारे दृश्य चमक रहे हैं। जब से मंगरु ने होश संभाला है; जब से मंगरु को अपने समाज के बारे थोड़ी-बहुत समझ आई है, वह विभिन्न सभा-सम्मेलनों में अवश्य हाजिर हुआ है। जब भी उसे मौका मिला है; वह सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक बैठकों में जरुर शामिल हुआ है। वह अधिकतम अपने सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक अगुओं के बारे अच्छी जानकारी भी रखता है। वह अपने समुदाय के बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा लिखी गई अधिकांश रचनाओं से वाकिफ है। वह अपने आदिवासी लेखकों द्वारा रचित उनकी मुख्य कहानियाँ एवं कविताओं के बारे अच्छा ज्ञान रखता है। अपने समुदाय के बीच प्रकाशित होने वाली ऐसी कोई पत्र-पत्रिका न बची है, जिसका वह ग्राहक न हो। किस धार्मिक पंडित ने कहाँ और क्या संदेश दिया, उसके बारे भी वह थोड़ी-बहुत समझदारी रखता है। इसके बाद तमाम तरह के राजनैतिक नेताओं की हरकतों को तो वह भली भाँति समझता ही है। वह उन नेताओं की हर नब्ज को अच्छी तरह पहचानता भी है। मंगरु को अच्छी तरह ज्ञात है कि समाज के एक निम्न प्राणी से लेकर दिसोम गुरु तक, सभी अपने-अपने हिसाब से समाज उत्थान के कार्य में लगे हुए हैं। फिर भी हमारा समाज आगे बढ़ने के बजाय पीछे की ओर ही सरकते जा रहा है। क्यों? इसका मुख्य कारण क्या है? समाज अवनति की जड़ कहाँ छिपी हुई है? आज इन्हीं सवालों को लेकर मंगरु बीच भँवर में फँस गया है। वह उस भँवर से उबरने की भरपूर चेष्टा कर रहा है; पर दूर-दूर तक आशा की कोई किरण उसे नहीं दिखाई दे रही। जितना वह उस भँवर से निकलने की कोशिश कर रहा है; वह उतना ही अधिक प्रवाह से उसकी गहराई में धँसते चला जा रहा है।

मंगरु अपने समाज का एक अनुभवी प्राणी है। वह एक श्रेष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता ही नहीं अपितु एक महान विचारक व चिंतक भी है। उसने ना जाने कितने घाटों का पानी पी रखा होगा। उसने जितना दूध पीया होगा, उतना तो शायद आपने पानी भी नहीं पीया होगा। अपने समाज के अंदर घट रही हर अच्छी-बुरी घटनाओं पर उसकी पैनी नजर रहती है। उन घटनाओं की बारीकी से छानबीन करना उसकी मजबूरी बन गई है। मंगरु ने अब तक जो जाना, देखा, सुना और सीखा; वह यही कि ग्वाला कभी अपने दही को खट्टा नहीं कहता है। ग्वाला अपने दही की बड़ाई करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ता है। चाहे उस दही से सड़ांध की बू आ रही हो; फिर भी ग्वाला अंतिम क्षण तक अपने दही की प्रशंसा करते हुए नहीं थकता है। ग्वाला मर-मिट सकता है पर अपने दही का अपमान वह कभी सहन नहीं कर सकता। भला क्यों माने ग्वाला आपकी बात? ग्वाले के लिए दही ही है, उसका जीविका का एकमात्र साधन। इसी से ही होता है, उसके परिवार का भरण-पोषण। अतः ग्वाला यथार्थ से वाकिफ होते हुए भी, वह अपनी जिद पर अड़ा रहता है। इस तथ्य से आपको सहमत होने के सिवाय और कोई चारा ही नहीं रहता है। अतः आज मंगरु चीर-फाड़ कर अपने समाज की शल्य-चिकित्सा करने में जुट गया है। विगत दिनों की अपनी सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक, ऐतिहासिक एवं राजनीतिक अवस्था का विश्लेषण करने में लीन हो गया है। वह सिदो-बिरसा के पश्चात् घटी घटनाओं का सविस्तार अध्ययन करने में तल्लीन हो गया है। ताकि मंगरु को अपने समाज पिछड़ने का सही कारण समझ में आ जाए; वह एक नहीं, पर अलग-अलग कोणों से अपने समाज का विश्लेषण कर रहा है। वह विभिन्न पहलूओं की ओर अपनी नजर दौड़ाता है। वह शोध करने के उपरांत अपने समाज अवनति का सही और सटीक कारणों का पता लगाना चाहता है। जाँच पड़ताल करने के बाद वह समाज में फैली बीमारी की असली जड़ को पकड़ना चाहता है; ताकि सुचारु रुप से उसका निदान किया जा सके। जिससे हमारा समाज खुशहाल और आनंदमय हो सके।

इतना महान चिंतक होते हुए भी आज मंगरु की सोच पटरी से नीचे उतर गई है। वह अपनी सोच को सिलसिलेवार तरीके से संपादन करने में असमर्थ हो रहा है। किन समस्याओं के बारे वह प्रमुखता से विचार करे, उसे कुछ समझ में नहीं आ रहा। किन विषयों का वह गहनपूर्वक अध्ययन करे; वह घनी असमंजस की स्थिति में है। लेकिन उसने तय कर लिया है कि कुछ भी हो जाए; आज वह अपने समाज को एक नई सोच और एक नई राह दिखाने में कामयाब होकर ही रहेगा। वह अच्छी तरह जानता है कि कोई भी सभा-सम्मेलन हो, किसी भी तरह की कोई भी सामाजिक बैठकें हों, समाज पिछड़ने के जिन कारणों के ऊपर विशेष रुप से चर्चाएँ होती रहती हैं; उनमें प्रमुख है - अशिक्षा, गरीबी, मद्यपान, अंधविश्वास, कृषि, सहभागिता, विस्थापन, पलायन, बेरोजगारी, हासा-भाषा, संस्कृति, आरक्षण, डोमिसाईल, पेसा, परिसीमन, एमओयू आदि। इन विषयों के अलावे और भी कई ऐसे विषय हैं, जिन पर बारंबार चर्चाएँ होती रहती हैं। रोज चर्चाएँ होनी चाहिए, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन अफसोस है कि इतनी चर्चाएँ होने के बावजूद भी आज हमारा समाज जस का तस खड़ा है। अर्थात् ढाक के वही तीन पात। जिस रफ्तार से हमारा समाज उन्नति की ऊँचाई को लाँघने की कोशिश करता है, वह उसी वेग से नीचे की ओर खिसकते भी जा रहा है। अगर हमारा समाज दो कदम प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है, तो चार कदम पीछे की ओर सरकता भी है। हमारे शिक्षाविदों का मानना है कि जब तक हमारा समाज शिक्षा की ओर विशेष ध्यान नहीं देता, तब तक हमारे समाज का उत्थान होना संभव ही नहीं, असंभव है। अशिक्षा ही एकमात्र कारण है कि हम पिछड़ते ही जा रहे हैं। तर्क देते हुए उनका मत है कि शिक्षा के अभाव में हम दुनिया की आधुनिक प्रतियोगिता की दौड़ से बाहर हो जाते हैं। उनके मतानुसार हमारे समाज का अवनति की गर्त में जाने का एकमात्र कारण है; अशिक्षा। अगर हम शिक्षित हो जाएँ तो सौ बात की एक बात, हमारी उन्नति में किसी प्रकार की कोई बाधा न रह जाएगी। अर्थात् उन्नति हमारे कदमों को चूमने के लिए मजबूर हो जाएगी। अतः हमारे समाज में मौजूद सभी समस्याओं का एकमात्र समाधान है; शिक्षा। लेकिन हमारे शिक्षाविद् शिक्षा के सही मूल्यों का आकलन करने से चूक जाते हैं। वे भूल जाते हैं कि किताबी कीड़ा बन जाने से ही कोई महान पंडित नहीं बन जाता। महान बनने के लिए शिक्षा के साथ-साथ ज्ञान, विवेक और विद्या की भी उतनी ही जरुरत होती है, जितना कि सब्जी में नमक। साक्षात उदाहरण के तौर पर अपने समाज को ही देख लो। आजकल हर गली में पढ़े-लिखे युवक-युवतियाँ मिल जाएंगे। लेकिन वे किन समस्याओं से जूझ रहे हैं; ज्यादा जानने के लिए आप उन्हीं से पूछिए। वे बेचारे रोेजगार के अभाव में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। पढ़-लिखकर न तो वे हल जोतने के काबिल रहते हैं और न ही वे कुली-मजदूरी करने के लायक रह जाते हैं। देश में जनसंख्या इतनी बढ़ गई है कि नौकरी मिलना दुर्लभ हो गया है। कहीं भी नौकरी की कतार में खड़े हो जाओ; एक अनार सौ बीमार वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। अतएव खाली दिमाग शैतान का घर होता है। ऐसी हालत में कोई अनहोनी घटना घटे, तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। शिक्षकगण भी हमारे बच्चों को किस तरह की शिक्षा दे रहे हैं; अभी तक तो कुछ समझ में नहीं आया। वे हमारे बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षिका, नर्स, क्लर्क वगैरह तो बना रहे हैं; पर वे एक भी बच्चे को मालिक बनाने में विफल रहे हैं। वे एक भी बच्चे को स्वावलंबी बनाने में असमर्थ रहे हैं। यह भी सौ फीसदी सत्य है कि आजकल नौकरी की तलाश में हमारे बच्चों का मतिपलायन हो रहा है। इसीलिए तो झारखंड जैसे अपने प्रांत में आग लग जाए, सुदूर बैठे नौकरी करने वालों को उससे कोई मतलब ही नहीं। झारखंड मरे-जीए उन्हें कोई सरोकार नहीं। वे अपने समाज से इस कदर गायब हो जाते हैं; जैसे कि गधे के सिर से सींग। मजबूरी में वे अपने वतन को भूल जाते हैं। वे जहाँ भी नौकरी करते हैं; वे वहीं के होकर रह जाते हैं। सरकारी नौकरी करने वालों के लिए तो आचरण नियमावली की शर्तें ही कुछ ऐसी हैं कि वे राजनीतिक गतिविधियों में लिप्त नहीं हो सकते। अतः जहाँ कहीं भी, जब किसी समस्या के समाधान हेतु राजनीतिक दांव.पेंच खेला जाता है; वहाँ हमारे नौकरी करने वालों की उपस्थिति नगण्य हो जाती है। इस तरह किसी राजनीतिक जलसे-जुलूस में शामिल होने के लिए रह जाते हैं; कुछ गंवार और बेरोजगार किस्म के लोग। किसी ने ठीक कहा है कि अभी तक की शिक्षा नीति ने स्कूल, कॉलेज में पढ़ रहे विद्यार्थियों को सिर्फ सरकारी और गैर-सरकारी कर्मचारी ही बनाए हैं। उन विद्यार्थियों को वे मालिक बनाने में असफल ही रहे हैं।

शिक्षा जिस तरह दिखाई देती है; वास्तव में वह वैसी है नहीं। पोथी पढ़-पढ़कर अब तक तो कोई पंडित नहीं हुआ है। अलबत्ता यह खुला सत्य है कि शिक्षा कभी भी निष्क्रिय नहीं रह सकती है; या तो यह दास बनाती है अथवा मुक्ति प्रदान करती है। यही कारण है कि अब तक हमारे समाज में शिक्षा ने अपना जलवा दिखाते हुए अधिकांश लोगों को दास बनाकर बीच बाज़ार में मरने के लिए छोड़ दिया है। अगर यह तथ्य सत्य से परे होता, अगर शिक्षा का रुप सिर्फ मुक्ति दिलाना ही होता, अगर शिक्षा ही सभी समस्याओं का समाधान होता, तो आज हम सभी तरह के बँधनों से मुक्त हो गए होते। किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होती। किसी भी प्रकार की समस्या हमारे सामने नहीं आती। और हम मुक्ति का जश्न मनाते हुए हर्षोल्लास के साथ आनंदमय जीवन बिताते। मुक्ति का अर्थ न तो गरीबी रहेगी, न अत्याचार होगा और न ही कोई किसी तरह की गुलामी की जंजीरों से बँधा रहेगा। अतः स्पष्ट हो गया कि सही शिक्षा के अभाव में झारखंड गठन के आठ वर्ष बाद भी हमारी स्थिति बद से बदतर होती गई है। इस रहस्य को ऐसे भी समझा जा सकता है; शिक्षा ने दुनिया में बहुत सारे वैज्ञानिकों को पैदा किया और उस शिक्षा की बदौलत उन्होंने बहुत सारे विध्वंसकारी यंत्रों यथा एटम बम, हाईड्रोजन बम, धरती से आकाश तक मार करने वाली मिसाइलें आदि आविष्कार करने में सफलता भी प्राप्त कर ली। उन खतरनाक बमों की वर्तमान परिवेश में क्या उपयोगिता है? क्या उन बमों को चिड़िया मारने के लिए बनाया गया है? कदापि नहीं। अपितु उन बमों से निश्चित रुप से हम मनुष्यों का ही संहार होगा। अब आप बताइए, क्यों अरबों रुपए उन बमों को बनाने में खर्च हो रहे हैं? क्या उन रुपयों को किसी दबे-कुचलों के कल्याणार्थ व्यय नहीं हो सकता था? हो सकता है। पर जो शिक्षा हमें मिली, उस शिक्षा से हमारी आँखें चौंधिया गई हैं। और हम मनुष्य संहार के रास्ते पर चल पड़े हैं। वाह री शिक्षा!

शिक्षा और विवेक एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पढ़-लिख लेने से ही कोई भी व्यक्ति बुद्धिमान नहीं कहलाता है। बुद्धिमान होने के लिए उसे विवेक की भी सख्त जरुरत होती है। आज की तारीख में हमारे बीच हजारों पढे़-लिखे लोग मौजूद हैं, फिर भी वे झारखंड बचाने में असफल ही रहे हैं। लेकिन हमारे महानतम शहीद सिदो-बिरसा की ओर नजर दौड़ाएं तो पता चलता है कि वे कम पढ़े-लिखे थे। कितनी जमात तक की शिक्षा उन्हें हासिल हुई थी, इस बारे किसी को भी ठीक से ज्ञात नहीं। पर इतना सच है कि सिदो-बिरसा ने किसी विश्वविद्यालय का मुँह तक न देखा था। उनके पास किसी तरह की कोई डिग्री भी नहीं थी। लेकिन उन्होंने अपने विवेक का सही इस्तेमाल किया एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने का बिगुल फूँक दिया। और उस संघर्ष के परिणामस्वरुप सिदो-बिरसा को क्रमशः संताल परगना और छोटानागपुर के जल, जंगल और जमीन बचाने में बहुत बड़ी सफलता मिली। सिदो-बिरसा के बलिदानस्वरुप ही हम अभी तक जीवित हैं; अन्यथा कब का हमारा राम नाम सत्य है हो गया होता। अतः सिद्ध हो गया कि न्याय पाने के लिए किसी तरह की कोई भी डिग्री की जरुरत नहीं होती। जरुरत है तो सही विवेक की।

हुल और उलगुलान घटित हुए कई वर्ष बीत चुके हैं। इस समय उनकी प्रासंगिकता से हम अनभिज्ञ हैं। लेकिन मारांग गोमके के बाद एक ऐसे मसीहा का उदय हुआ कि उसने समाज में हुल-सा वातावरण पैदा करने में सफलता प्राप्त कर ली। यह जीवंत उदाहरण है कि चालीस वर्षों से लोग उनकी जय जयकार करते आ रहे हैं। विधायक की तो बात ही छोड़ दीजिए, वह अपने बलबूते किसी समय छह सांसदों को दिल्ली दरबार तक भेजने में भी कामयाब हुए हैं। अकेले झारखंड में इस वक्त उनके पास चार सांसद और सत्रह विधायक हैं। और आप उनके मुखिया बने हुए हैं। यह मसीहा और कोई नहीं, उसे आप गुरु जी के नाम से खूब जानते हैं। गुरु जी पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना बुरी बात है। उनकी शान के खिलाफ बोलना, किसी को शोभा नहीं देता है। यह अलग बात है कि इतना बड़ा समर्थन मिलते रहने के बावजूद भी उन्होंने अपने लोगों के लिए कुछ नहीं किया है। लेकिन उनको व्यक्तिगत रुप से गाली देना, कतई उचित नहीं। हो सकता है, आपके पास विश्वविद्यालय की ढेर सारी डिग्रियों की भरमार होगी। आप अच्छे पढ़े-लिखे और उच्च शिक्षित नेता होंगे। लेकिन आप अभी तक एक भी विधायक को जीत दिलाने में असफल ही रहे होंगे। फिर आप महान हैं या गुरु जी? निश्चित रुप से गुरु जी महान हैं। यह कड़ुवा सच है कि गुरु जी के पास किसी विश्वविद्यालय की कोई डिग्री नहीं, पर उनके पास निश्चित रुप से अच्छे विवेक की बहुतायत है। जिसकी वजह से वह आज की तारीख में आदिवासियों के सर्वमान्य नेता के पद पर आसीन हैं। अब आप बताओ, फिर क्या शिक्षा ही हमारी समस्याओं का एकमात्र समाधान है? शिक्षाविदों के अनुसार हो सकता है, समाज उन्नति का शिक्षा ही एकमात्र उपाय हो। अतः शिक्षाविद् ग्वाले की भाँति अपने दही को खट्टा मानने से ही इनकार करे, तो कोई आश्चर्य की बात नहीं।

संघर्ष करना आसान है पर उसके द्वारा प्राप्त  होने वाले फल को संभाल पाना कठिन है यह जगजाहिर है कि कोई भी चीज हाथ में आने के बाद उसकी कीमत शून्...